निर्देशक आदित्य धर की फिल्म धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन कर रही है। भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 828 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है और दर्शकों के बीच इसका क्रेज लगातार बना हुआ है। रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना और संजय दत्त जैसे दमदार कलाकारों से सजी इस फिल्म की सफलता के बीच अब इसके सीक्वल धुरंधर 2 को लेकर एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ में एक और पावरफुल एक्टर की एंट्री होने जा रही है। सूत्रों के अनुसार, फिल्म में विक्की कौशल नजर आ सकते हैं। खास बात यह है कि विक्की इस फिल्म में अपनी सुपरहिट फिल्म उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक के चर्चित किरदार मेजर विहान शेरगिल के रूप में कैमियो करते दिखेंगे।
फ्लैशबैक में अक्षय खन्ना, नए ट्रैक पर विक्की कौशल
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अक्षय खन्ना ‘धुरंधर 2’ में केवल फ्लैशबैक सीक्वेंस तक सीमित रहेंगे, जबकि विक्की कौशल को नई टाइमलाइन में इंट्रोड्यूस किया जाएगा। हालांकि ‘उरी’ और ‘धुरंधर’ दोनों ही अलग-अलग समय और कहानी पर आधारित फिल्में हैं, लेकिन आदित्य धर ने बेहद सावधानी से दोनों के नैरेटिव को जोड़ने की कोशिश की है। मेकर्स फिलहाल विक्की की एंट्री को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहे हैं और सस्पेंस बनाए रखा गया है।
रणवीर और विक्की साथ दिखेंगे या नहीं?
सूत्रों का कहना है कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि रणवीर सिंह और विक्की कौशल एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे या नहीं, लेकिन विक्की का फिल्म का हिस्सा होना लगभग तय माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि विक्की कौशल ने 2025 में ही ‘धुरंधर’ की रिलीज से पहले अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली थी।
रिलीज डेट और टीजर प्लान
‘धुरंधर 2’ ईद के मौके पर 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं फिल्म का टीजर बड़े स्तर पर रिलीज करने की तैयारी है, जिसे बॉर्डर 2 के साथ थिएटर्स में दिखाया जाएगा। ऐसे में साफ है कि ‘धुरंधर 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता आने वाले दिनों में और तेज होने वाली है।



